
हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
भादरा थाना पुलिस ने इंदिरा कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय रोबिन को अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उसे पकड़ा था।
तलाशी लेने पर रोबिन के कब्जे से करीब 7.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 100 ट्रामाडोल नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
वहीं, सदर थाना पुलिस ने जंडावाली निवासी सत्तार खां को 3.4 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने देर रात गश्त के दौरान सत्तार खां को प्रतापगढ़ पैलेस के पास जंडावाली रोही में पकड़ा। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
