
श्रीगंगानगर। जिले की सादुलशहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 30 किलो 50 ग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई हनुमानगढ़ एएनटीएफ की सूचना पर की है।
डोडा-चूरा और कार जब्त
सादुलशहर थाना प्रभारी मलकियत सिंह मान ने जानकारी देते हुए बताया- नाकाबंदी के दौरान पंजाब के फाजिल्का जिले के रहने वाले आरोपी को 30 किलो 50 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवहन में यूज वरना कार भी जब्त कर ली गई।
दिल्ली नंबर की कार में तस्करी
पुलिस ने पीटीपी नहर पुलिया सादुलशहर पर नाकाबंदी की थी। यहां चौकी मालारामपुरा (हनुमानगढ़) के एएनटीएफ जवान घनश्याम की टेलीफोन सूचना पर संदिग्ध वरना कार (DL 10 CD 7965) को रोका गया। तलाशी में कार से 30 किलो 50 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सुखविंद्र सिंह (43) फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है जिससे नशा तस्करी से जुड़े और भी कई खुलासे होने की संभावना है।
