
हनुमानगढ़। टाउन की नई धान मंडी में आज सीटू से जुड़ी विभिन्न मजदूर संगठनों द्वारा एक विशाल आम सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन देशव्यापी काला दिवस के तहत किया गया, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में मजदूरों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की। आम सभा का आयोजन एफसीआई लेबर एंड पल्लेदार मजदूर यूनियन हनुमानगढ़ टाउन सीटू, अनाज मंडी पल्लेदार मजदूर यूनियन टाउन सीटू, राजस्थान स्टेट सीड्स कॉरपोरेशन यूनियन हनुमानगढ़ टाउन सीटू तथा धानका तोला मजदूर संस्थान टाउन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
आम सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के कारण देश का मजदूर वर्ग लगातार संकट में है। कामरेड आत्मा सिंह, कामरेड बहादुर सिंह चौहान, कामरेड बसंत सिंह, कामरेड जगदीश यादव, कामरेड संदीप बसोड़, कामरेड शौपत राम, कामरेड अरविंद मुंशी और कामरेड चिरंजीलाल प्रधान धानका तोला मजदूर संस्थान ने अपने विचार रखते हुए कहा कि निजीकरण, ठेकाकरण और श्रम कानूनों में बदलाव से मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला हो रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए मेजर सिंह, सतपाल मौर्य, संजय सर्राफ, मिथलेश सिंह, श्री चंद, राकेश बजाज और जगतार सिंह ने कहा कि मजदूरों की एकता ही इन नीतियों का जवाब है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, स्थायी रोजगार और सम्मानजनक जीवन मजदूरों का अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर छीना नहीं जाने दिया जाएगा। वक्ताओं ने सरकार से मजदूर हितों में फैसले लेने और श्रम कानूनों में किए गए बदलावों को वापस लेने की मांग की। आम सभा का संचालन हरजीराम वर्मा ने किया। सभा के बाद टाउन की नई धान मंडी से एक विशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में मजदूरों ने भाग लिया। सभी मजदूरों ने हाथों में काले झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और काला दिवस को अनुशासित व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया। रैली धान मंडी परिसर में विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी, जहां मजदूरों ने एक स्वर में नारे लगाते हुए अपनी मांगों को दोहराया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मजदूरों में जबरदस्त उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। आयोजकों ने कहा कि यदि सरकार ने मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मजदूर एकता जिंदाबाद और सीटू जिंदाबाद के नारों के साथ सभा का समापन किया गया।
