
हनुमानगढ़ ।टाउन के पूर्ण नगर, वार्ड नम्बर 15 व प्रेम नगर में आज यूथ वीरांगनाओं द्वारा महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण एवं ब्यूटी पार्लर केंद्र का विधिवत शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि दर्शना ढाका ब्लड बैंक महात्मा गांधी रा.चि. द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक महिलाएं एवं संस्था की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूथ वीरांगना मीनाक्षी ने बताया कि आज के महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। ऐसे में घर की महिलाओं एवं लड़कियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा निशुल्क सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई है, ताकि महिलाएं हुनर सीखकर स्वावलंबी बन सकें और अपने परिवार को आर्थिक सहारा दे सकें। उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर दोनों ही कोर्स के लिए योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्तमान में दोनों केंद्रों पर दोनों कोर्स के लिए 15-15 महिलाओं ने अपना पंजीकरण कराया है। सिलाई प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिलाएं स्वयं का कार्य शुरू कर सकें, इस पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। यूथ वीरांगना ऐशणा ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा समाजहित में निरंतर अनेक कार्य किए जाते रहे हैं, जिनमें गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग,जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण, वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य सामाजिक गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी संस्था द्वारा सिलाई केंद्र संचालित किये जा चुके है, जिससे प्रशिक्षित होकर कई महिलाएं आज स्वयं का सिलाई व्यवसाय चला रही हैं और अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। मुख्य अतिथि दर्शन ढाका द्वारा यूथ वीरांगनायें टीम के कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में यूथ वीरांगनायें प्राची ,रजनी,रीमा,भावना, ऐशणा, कंचन, मीनाक्षी, संगीता, मधु सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। इस मौके पर उपस्थित अतिथियों ने यूथ वीरांगनाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाना, असहाय परिवारों की मदद करना और सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य करना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से यूथ वीरांगनाओं के इस प्रयास में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की।
