
हनुमानगढ़। समाजसेवा और संवेदनशीलता का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब वरिष्ठ लायन सदस्य लायन राजेश दादरी का जन्मदिन इस वर्ष भी अपनी परंपरा के अनुरूप बेटियों के साथ बड़े ही स्नेह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। सिकलीगर मोहल्ला स्थित सरकारी स्कूल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने जन्मदिन के अर्थ को एक नई दिशा दी -जहाँ यह केवल व्यक्तिगत उत्सव न रहकर सेवा, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत बेहद भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जब लायन राजेश दादरी ने नन्हीं बेटियों के साथ मिलकर केक काटा। इसके बाद बच्चियों को पेस्ट्री वितरित की गई। पूरे विद्यालय परिसर में खुशियों की लहर दौड़ गई और बच्चियों के चेहरों पर सच्ची मुस्कान साफ झलक रही थी। दादरी परिवार ने बच्चियों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की, उनके सपनों को जाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह पल केवल एक समारोह नहीं, बल्कि अपनत्व और स्नेह का सुंदर उदाहरण बन गया। इस अवसर पर लायंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी द्वारा “Women Health & Hygiene” सेवा अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जागरूकता एवं वितरण कार्यक्रम कार्यक्रम संयोजक लायन हरविंदर कौर व एमपी सिंह की देखरेख में आयोजित किया गया। संयोजक हरविंदर कौर ने बताया कि क्लब के सदस्यों ने लगभग 300 महिलाओं एवं किशोरियों को सैनिटरी पैड वितरित किए। साथ ही उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व, सही उपयोग और इससे जुड़े भ्रमों को दूर करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और समाज में इस विषय पर खुलकर संवाद को प्रोत्साहित करना रहा।
जन्मदिन के इस विशेष अवसर को और अधिक सार्थक बनाते हुए बेटी बचाओ, बेटी अपनाओ, बेटी पढ़ाओ मुहिम के तहत दादरी परिवार द्वारा सभी बेटियों को स्कूल बैग, किताबें एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। हर बच्ची को सम्मानपूर्वक उपहार प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी की झलक स्पष्ट दिखाई दी। इसके साथ ही बच्चियों को अल्पाहार, पेस्ट्री और केक भी खिलाया गया, जिससे पूरा माहौल एक उत्सव में बदल गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।
प्रेमाराम (सहायक निदेशक, बाल अधिकारिता विभाग) ने कहा इस तरह के कार्यक्रम बेटियों के मन में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं। यह एक अत्यंत प्रेरणादायक पहल है। जितेंद्र गोयल (बैंच मजिस्ट्रेट, जिला बाल कल्याण न्यायपीठ) ने अपने संबोधन में कहा, जब समाज के लोग इस प्रकार आगे बढ़कर बेटियों के लिए कार्य करते हैं, तो यह पूरे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश होता है। ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रहना चाहिए। श्रीमती सुनीता शर्मा (महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी – CDPO) व टीना डोडा सुपरवाइजर ने कहा, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर ध्यान देना समय की आवश्यकता है। सैनिटरी पैड वितरण के साथ जागरूकता फैलाना एक सराहनीय कदम है।
देवेंद्र पारीक (पूर्व जिला अध्यक्ष, BJP) ने कहा, लायंस क्लब द्वारा किया गया यह आयोजन सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।लायंस अध्यक्ष नितिन खदरिया ने कहा, बेटियों के साथ इस तरह का जुड़ाव उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाता है और समाज में उनका महत्व बढ़ाता है। जोन चेयरपर्सन लायन महक गर्ग ने कहा, हमारा उद्देश्य केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता लाना है। यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
*संरक्षक राधाकृष्ण सिंगला ने कहा,लायंस क्लब हमेशा सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।कार्यक्रम के सफल आयोजन में लायंस क्लब के सदस्यों सहित नितिन खदरिया, मनोज सिंगला, विनीत गर्ग एवं साहिल जिंदल का विशेष योगदान रहा। स्कूल प्रधानाचार्य अनीता पारीक ने राजेश दादरी व लॉयस क्लब सिटी के सभी साथियों का आभार जताते हुए बताया कि यह आयोजन केवल एक जन्मदिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, बेटियों के प्रति सम्मान और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का एक सशक्त संदेश बनकर उभरा।
