
हनुमानगढ़ ।टाउन के बरकत कॉलोनी स्थित भटनेर दुर्ग के पास फाटक गौशाला टाउन परिसर में आज श्री हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। चैत्र मास की पूर्णिमा एवं गुरुवार के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। फाटक गौशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में फाटक गौशाला स्थित सेठ सांवलिया मंदिर में सुबह विधिवत हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ का संचालन शास्त्री रामप्रकाश द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आहुतियां अर्पित कीं। हवन यज्ञ के पश्चात महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर हवन यज्ञ की पूर्णाहुति मीरा देवी, अंजू गर्ग, हेमा, दीपा, सरला गर्ग, रीटा गर्ग, खुशबू, कोमल पारीक, अशोक भारती, रिंकू, नीलम सोनी, संजू बजाज, महावीर प्रसाद, अनीता मिश्रा, धर्मेंद्र बजाज, सरस्वती, रेखा, नेहा, सुशीला, पूजा पारीक, दिया पारीक, दर्शन ढाका सहित अनेक श्रद्धालुओं ने दी। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण “जय बजरंगबली” के जयकारों से भक्तिमय बना रहा। समिति अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि फाटक गौशाला में बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय पशुओं का उपचार सेवा भावना के साथ किया जाता है। हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र के लगभग 40 किलोमीटर के दायरे में कहीं भी यदि कोई एक्सीडेंटल या बीमार पशु मिलता है तो उसे गौशाला में लाकर इलाज किया जाता है। इसके लिए एक एम्बुलेंस वाहन की अत्यंत आवश्यकता है, जिसे जनसहयोग से लेने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने सभी गोभक्तों से अपील की कि एक्सीडेंटल पशुओं की सेवा हेतु एम्बुलेंस वाहन के लिए सहयोग प्रदान करें तथा इस हवन यज्ञ में आहुति के रूप में यथा अनुसार समर्पित करें, ताकि असहाय पशुओं की समय पर सहायता की जा सके।
