
हनुमानगढ़। श्री संकट मोचन बालाजी धाम, सेक्टर नंबर 12, हनुमानगढ़ जंक्शन में गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर 101 संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे पंडित विकास शर्मा के सानिध्य में मुख्य यजमान चिमन मित्तल, वीरेंदर गोयल बब्बी भटवाले ने सपरिवार विधिवत पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात पंडित अरविंद पांडे के नेतृत्व में सुंदरकांड मंडल, हनुमानगढ़ टाउन द्वारा 101 संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया। पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का संचार हो गया तथा “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयकारों से धाम गूंज उठा।
समिति के महासचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि आयोजन समिति अध्यक्ष सुमित रणवा के निर्देशन में कार्यक्रम को सफल बनाया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। पाठ के पश्चात आयोजित भजन संध्या में स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकारों ने बालाजी महाराज, श्याम जी महाराज और राधा रानी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करते रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से ग्रहण किया।
कार्यक्रम में शेरपाल सिंह, बनवारी कूकना, पवन अग्रवाल, भारत भूषण कौशिक, सुरेंद्र बंसल, राजकुमार, नरेश शर्मा, ललित शर्मा, रामगोपाल गोदारा, मोहित बलाडिया, गुरुचरण धुड़िया, मलकीत मान, पुरुषोत्तम सोनी, संदीप बिंदल, नीरज कुमार, वीरेंद्र शर्मा, नरेश चांडक, श्यामसुंदर, इंदर मोहन कटारिया, पंडित विकास शर्मा, पंडित मनोज शर्मा, आकाश चुग, गुरसेवक सिंह, अशोक पारीक और संजय गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
आयोजन समिति सचिव भारत भूषण कौशिक ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक आयोजनों के आयोजन का संकल्प लिया।
