
हनुमानगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संगठन का सशक्त होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आमजन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने विशेष रूप से बूथ स्तर तक संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कार्य करे।
इस दौरान बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा भी की गई। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और चुनौतियों के बारे में जानकारी दी तथा संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, युवाओं और महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों और विचारों को प्रभावी तरीके से प्रसारित करने पर भी चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और उन्हें संबंधित स्तर पर उठाकर समाधान कराने का प्रयास करें, ताकि आमजन का विश्वास पार्टी के प्रति मजबूत हो सके।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही यह भरोसा जताया कि संगठन की मजबूती के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएंगे।
इस मौके पर गुरदीप चहल, जयराम ढुकिया, मनमोहन सोनी, यश चिलाना, गुलाब बराड, मोहनलाल इंदलिया, शाहरुख रोड़ावाली, बंसीलाल, विजय अम्लानी ,रामनिवास किरोड़ीवाल, संदीप सैनी, रामचंद्र,आमिर खान ,अनूप चौधरी, विनोद गुरुसर, पियूष, गुरलाल, अरमान ,मुकेश चोपड़ा ,जयपाल गिरी, हीरा सिंह, प्रदीप झोरड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
