
हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मकान में घुसकर लाखों रुपए के आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी किए गए सोने के आभूषण व नकदी भी बरामद कर ली गई है। पीलीबंगा थाना प्रभारी जगदीश कड़वासरा ने बताया कि 3 मार्च को लक्ष्मीदेवी पत्नी रामस्वरूप कुम्हार निवासी सदासिंहवाला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि विजयपाल पुत्र धर्मपाल कुम्हार उनके घर से करीब पांच तोला सोने के जेवरात एवं 1200 रुपए की नकदी चोरी कर ले गया। इस पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। एएसआई राजेन्द्र कुमार मय टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस व मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विजयपाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसे लगातार निगरानी व सूचना संकलन के बाद पकड़ा गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने पहले कहां-कहां वारदातें की हैं और इस मामले में अन्य कोई सहयोगी तो शामिल नहीं है। मामले में अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में एएसआई राजेन्द्र कुमार के साथ कांस्टेबल मनोज कुमार ने अहम भूमिका निभाई।
