
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने सूने मकान के ताले तोडक़र चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस प्रकरण में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पूर्व एक आरोपी को एक अप्रैल को ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए थे। जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि 26 मार्च को हाउसिंग बोर्ड निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र काले खां ने रिपोर्ट दी थी कि वह ईद के अवसर पर परिवार सहित अपने पिता के पास खुंजा गया हुआ था। 25 मार्च की रात पड़ोसी ने सूचना दी कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की पायजेब व कीमती घडिय़ां चोरी हो चुकी थीं। थाना प्रभारी कस्वां के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक निक्कूराम को सौंपी गई। टीम ने मानवीय सूचना व सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर कार्रवाई करते हुए पूर्व में एक आरोपी संदीप सिंह उर्फ सुखदीप सिंह उर्फ सीलू (39) पुत्र हंसासिंह निवासी वार्ड 20, आनंद विहार आईटीआई कॉलोनी, जंक्शन को गिरफ्तार किया। पीसी रिमांड मंजूर करवा आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें पायजेब, बिछिया व चैन शामिल थे, बरामद किए। इस प्रकरण में फरार चल रहे दूसरे आरोपी जितेन्द्र उर्फ भोलू (25) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी वार्ड 6, आईटीआई कॉलोनी, जंक्शन को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
