
हनुमानगढ़। नगर परिषद की ओर से संचालित गोशाला में अव्यवस्थाओं और लापरवाही के मामले को लेकर उठी आवाज के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक गणेश राज बंसल स्वयं मौके पर पहुंचे और गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में गौसेवा को लेकर बरती जा रही लापरवाही पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गौ माता की सेवा में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान लंबे समय से गोशाला प्रबंधन से जुड़े कुछ पदाधिकारियों को भी हटाने का निर्णय लिया गया, जिन पर गौसेवा में लापरवाही के आरोप थे। बताया गया कि ये लोग पिछले 15-16 वर्षांे से जुड़े हुए थे। विधायक ने नगर परिषद को गोशाला के संचालन की जिम्मेदारी सीधे तौर पर संभालने तथा व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए। इधर, इस कार्रवाई के बाद पूर्व पार्षद प्रमोद सोनी ने अपनी टीम के साथ विधायक के निवास पर पहुंचकर उनका आभार जताया और गोशाला व्यवस्था में सुधार के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।
