
हनुमानगढ़ । शनिवार सुबह एक पिता ने अपने 5 साल बेटे के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सरकारी कॉलेज के पीछे हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धर्मपाल (28) के रूप में हुई है। उसके साथ 5 साल के बेटे का शव भी फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने लगाया आरोप परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि धर्मपाल को उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के कारण धर्मपाल ने यह कदम उठाया।
पहले बेटे को फंदा लगाया, फिर खुद झूला प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि पहले बेटे को फंदा लगाया और उसके बाद पिता ने खुद भी फंदा लगा लिया। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। घटना के बाद दोनों शवों को भादरा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
