
हनुमानगढ़। जिले में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। फेफाना थाना क्षेत्र में एक सूने घर से लाखों रुपए के जेवर और नकदी चोरी हो गई। वहीं, जिला मुख्यालय पर एक मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेफाना निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 26 मार्च को अपनी पत्नी के साथ सादुलशहर अपने बेटे-बहू से मिलने गए थे। इस दौरान उनका घर सूना था। 2 अप्रैल की शाम को जब वे वापस लौटे, तो घर के लॉबी का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर कमरे अस्त-व्यस्त थे।
राजेश कुमार ने सामान की जांच की तो अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपए नकद गायब मिले। चोरी हुए सामान में लगभग 4.5 तोला की दो लेडीज सोने की चेन, एक बच्चे की सोने की चेन, बच्चों के सोने के 11 घुंघरू, चांदी के चार कड़े, एक चांदी की कटोरी और एक चम्मच शामिल हैं। परिवादी के अनुसार, चोरी की वारदात 31 मार्च या 1 अप्रैल की रात को हुई।
चोरी का पता चलते ही राजेश कुमार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फेफाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एएसआई महेंद्र कुमार कर रहे हैं।
इधर, जंक्शन थाना क्षेत्र में एक मोबाइल शॉप में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। सतीपुरा निवासी सौरभ शाक्य ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी सुरेशिया में ‘शाक्य मोबी केयर’ के नाम से दुकान है।
सौरभ शाक्य ने बताया कि 1 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह दुकान पर ताला लगाकर घर चले गए थे। रात में किसी समय अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर कई नए और पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए। सुबह दुकान पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला। जंक्शन पुलिस ने भी संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
