
हनुमानगढ़। डॉ. बीआर अम्बेडकर जयंती समारोह-2026 को लेकर शुक्रवार देर शाम को जंक्शन स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में बैठक आयोजित की गई। इसमें जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से दलीप मीणा को समिति अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं समिति के सदस्यों में रामपाल जाटव, दलीप बसेर, ओपी मोसलपुरिया, आमिर खान, राजेश भारतीय, करण विमल एवं राजेंद्र मांडिया को शामिल किया गया। समिति की ओर से निर्णय लिया गया कि समारोह की रूपरेखा तैयार कर विभिन्न जिम्मेदारियां अलग-अलग टीमों को सौंपी जाएंगी। सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्य करेंगी। कार्यक्रम 14 अप्रैल को अम्बेडकर चौक, जंक्शन में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान कक्षा 10वीं व 12वीं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी नौकरी प्राप्त करने वाले एवं जिला स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
