
हनुमानगढ़ ।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा ने आज खंड भादरा क्षेत्र में संचालित दो नशा मुक्ति केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मरीजों से बातचीत कर उन्हें दिए जा रहे उपचार, खान-पान की व्यवस्था, दैनिक गतिविधियों सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान उनके साथ डिपीओ जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम ज्योति नशा मुक्ति केंद्र का दौरा किया गया। निरीक्षण के समय केंद्र प्रभारी राकेश कुमार ने संस्थान के बारे में जानकारी दी। केंद्र में कुल 35 मरीज उपचार ले रहे थे, जिनमें 10 मरीज राजस्थान तथा 25 मरीज हरियाणा राज्य के थे। उन्होंने सभी मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उन्हें दिए जा रहे उपचार, खान-पान की व्यवस्था, दैनिक गतिविधियों, खेल एवं योग संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण में पाया गया कि केंद्र में शराब एवं नशे (चिटृटा) से ग्रसित कई मरीज उपचार ले रहे हैं। मरीजों का आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन भी किया गया। मरीजों को अवगत कराया गया कि जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार मानस ई-आरोग्य पोर्टल पर सभी मरीजों का विवरण, उपचार एवं दवाइयों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। रिकार्ड के निरीक्षण के तहत एक अन्य मनोचिकित्सक की विजिट दर्ज पाई गई, हालांकि निरीक्षण के समय वे उपस्थित नहीं मिले। निरीक्षण के दौरान जीएनएम नरेश कुमार भी उपस्थित रहे। उक्त केंद्र वर्ष 2011 से संचालित है तथा अब तक 1000 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। पूर्व में जनवरी माह में माननीय भादरा एसीजेएम द्वारा भी केंद्र का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच में यह सामने आया कि संस्थान का क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत नवीनीकरण नहीं करवाया गया है, जिसे जल्द ही पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अन्य कमियों के मद्देनजर संस्थान को नोटिस जारी किया जाएगा।
इसके पश्चात न्यू दिशा लाइफ केयर नशा मुक्ति केंद्र, करणपुरा का निरीक्षण किया गयेा। यहां कुल 27 मरीज भर्ती पाए गए, जिनमें 11 मरीज राजस्थान एवं 16 मरीज हरियाणा के थे। संस्थान क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकृत पाया गया। निरीक्षण के दौरान जीएनएम जसवंती उपस्थित रहीं। संस्थान में डॉ. राकेश कुमार एवं एक अन्य मनोचिकित्सक की विजिट दर्ज पाई गई, हालांकि निरीक्षण के समय वे उपस्थित नहीं मिले। सीएमएचओ द्वारा उपस्थित मरीजों से संस्थान में उपलब्ध उपचार सुविधाओं, खान-पान एवं देखभाल व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
