
टिब्बी। टिब्बी कस्बे में संविधान निर्माता बोधिसत्व भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती समारोह को लेकर जनसंपर्क अभियान पूरे परवान पर है। डॉ अंबेडकर नवयुवक संघ अध्यक्ष एडवोकेट अमर सिंह बादड़ा ने बताया कि इस बार कस्बे के डॉ अंबेडकर भवन से शुरू होने वाली भीम चेतना यात्रा को भव्य रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए संघ के पदाधिकारियों ने पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि कुलवंत सुथार के नेतृत्व में शनिवार शाम को च़ंदूरवाली और नाईवाला गांवों में जनसंपर्क कर नागरिकों से भीम चेतना यात्रा एवं मुख्य समारोह में अधिकाधिक तादाद में पहुंचने की अपील की है। च़ंदूरवाली में भादरा राम व नाईवाला में बीरम राम के नेतृत्व में एकत्रित हुए नागरिकों ने सुबह 8 बजे से निकलने वाली यात्रा और शाम के मुख्य समारोह में शामिल होने का भरोसा दिलाया है। समारोह समिति के मांगीलाल और जगदीश कुमार ने बताया कि 14 अप्रैल को सुबह 9 बजे डॉ अंबेडकर भवन से शुरू होने वाली यात्रा शहर की मुख्य गलियों से होते हुए अंबेडकर चौक पर पहुंचेगी जहाँ बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। शाम आठ बजे डॉ अंबेडकर भवन में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में साहित्यकार व दलित चिंतक बीएल पारस मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों, खेल में राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं और सरकारी सेवाओं में नवनियुक्त युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा बाबा साहब के जीवन दर्शन और संघर्षों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी जिसके लिए गांव-गांव ढाणी-ढाणी में जनसंपर्क कर लोगों का भरपूर सहयोग जुटाया जा रहा है।
