
श्रीगंगानगर । जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि से फसलों को हुए व्यापक नुकसान के मद्देनजर जिले के कांग्रेसी विधायकों एवं सांसद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर, श्रीगंगानगर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में लोकसभा सांसद कुलदीप इन्दौरा, श्रीकरणपुर विधायक एवं जिलाध्यक्ष स. रूपिन्द्र सिंह कुनर, विधायक सूरतगढ़ डूंगरराम गेदर, विधायक रायसिंहनगर सोहनलाल नायक, पूर्व विधायक राजेन्द्र भादु, उप जिला प्रमुख सुदेश मौर सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिले के विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों में हुई आकस्मिक ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि के कारण किसानों की पकी हुई गेहूं, सरसों, चना, जौ सहित अन्य रबी फसलें व्यापक रूप से नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसी स्थिति में किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे (गिरदावरी) कराकर प्रभावित किसानों को उचित एवं पर्याप्त मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद वर्ष 2026 की प्रक्रिया को गत वर्ष की भांति यथावत रखा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।यह भी आग्रह किया गया कि गेहूं खरीद की प्रति बीघा सीमा न्यूनतम 15 क्विंटल या उससे अधिक निर्धारित की जाए। खराब मौसम के कारण गेहूं के दानों के रंग में आए परिवर्तन को आधार बनाकर किसानों को परेशान न किया जाए। इसके अतिरिक्त, श्रीगंगानगर जिले के लिए गेहूं खरीद का कुल लक्ष्य बढ़ाया जाए तथा संपूर्ण खरीद प्रक्रिया को पूर्ववत ऑफलाइन प्रणाली के तहत संचालित किया जाए। जिला कलेक्टर से किसानों की गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार को शीघ्र सकारात्मक अनुशंसा भेजने का आग्रह किया, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।
