
हनुमानगढ़। जिले में संगठित अपराधों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक दिवसीय ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी नरेंद्र मीना ने बताया कि अभियान के दौरान 231 पुलिसकर्मियों की 49 टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने जिलेभर में 186 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई, वारंटियों की तलाश की गई और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। अभियान के तहत एनडीपीएस, आर्म्स और आबकारी अधिनियम के तहत कुल 4 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने 191.36 ग्राम अफीम, एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू और 46 पव्वे अवैध शराब बरामद की। इन मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन, टाउन और गोलूवाला थाना पुलिस द्वारा की गई। टिब्बी थाना पुलिस ने अन्य अधिनियमों के तहत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसपी मीना ने बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस ने वांछित अपराधियों पर भी कार्रवाई की। इसमें 4 जघन्य अपराधों में वांछित अपराधी, 2 सामान्य मामलों के आरोपी, 13 स्थाई वारंटी और 25 गिरफ्तारी वारंटी शामिल थे, जिन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 25 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
