
हनुमानगढ़। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मानव उत्थान सेवा समिति के सदस्यों द्वारा रविवार को भारतमाला कोहला इंटरचेंज के पास 1100 पौधों का पौधारोपण किया गया। इस दौरान लेसुवा और शीशम प्रजाति के पौधे लगाए गए, जो भविष्य में क्षेत्र के हरित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत उपसरपंच राजाराम कूकणा, दाताराम स्वामी (नन्दराम की ढाणी), समिति अध्यक्ष लादु सिंह भाटी, राजेन्द्र सिंह सैगर, तमन्न कुमार शर्मा झाम्बर, विपिन कुमार शर्मा, शंकर लाल वर्मा, राजु और भागचंद ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर की। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
उपसरपंच राजाराम कूकणा ने अपने संबोधन में कहा कि समिति अध्यक्ष लादु सिंह भाटी के नेतृत्व में पूरी टीम पिछले कई वर्षों से निस्वार्थ भाव से पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा किए जा रहे प्रयास न केवल सराहनीय हैं, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। ऐसे कार्यों से आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोग प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं।
समिति अध्यक्ष लादु सिंह भाटी ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के पौधारोपण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में हरियाली बढ़ाई जा सके और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
