
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) हनुमानगढ़ द्वारा शहर में अवैध रूप से चल रही शराब बिक्री और देर रात तक खुले रहने वाली दुकानों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया गया है। इस संबंध में संगठन ने जिला सचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र में लाल चौक रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कई शराब दुकानें निर्धारित समय के बाद भी खुली रहती हैं और अवैध रूप से उनकी शाखाएं (ब्रांच) संचालित की जा रही हैं। संगठन का आरोप है कि बिना अनुमति के चल रही इन शाखाओं पर संबंधित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
डीवाईएफआई के पदाधिकारियों ने कहा कि देर रात तक शराब बिक्री होने के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। शराब के नशे में लोग राहगीरों के साथ झगड़े करते हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसे शहर में बढ़ते अपराधों का एक प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस विषय में पूर्व में जिला आबकारी अधिकारी को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे स्पष्ट होता है कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बना हुआ है।
संगठन ने मांग की है कि शहर में अवैध रूप से संचालित सभी शराब की ब्रांचों को तुरंत बंद किया जाए और रात 8 बजे के बाद शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
डीवाईएफआई ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
