
हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के बैनर तले पावर हाउस के ठेका कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक गांधीनगर पावर हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीएमएस जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने की। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और कार्य व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्युत वितरण श्रमिक संघ के जिला महामंत्री अनिल ज्याणी तथा राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ के सदस्य गुरमुख सिंह भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए उनके समाधान की मांग की।
बैठक में बताया गया कि पावर हाउस के ठेका कर्मचारियों के लिए प्रतिदिन 309 रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है तथा कार्य के लिए तीन आईटीआई धारक कर्मचारियों की नियुक्ति अनिवार्य की गई है। इसी संदर्भ में बैठक आयोजित कर मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि ठेकेदार द्वारा न तो निर्धारित मानदेय का पूरा भुगतान किया जा रहा है और न ही नियमानुसार तीन कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि तीन कर्मचारियों के स्थान पर दो कर्मचारियों से ही काम लिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है और उनकी कार्य परिस्थितियां प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह श्रमिकों के अधिकारों का सीधा उल्लंघन है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में मौजूद अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रशासन और संबंधित विभाग से इस मामले में हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को उनका उचित हक दिलाने की मांग की।
अंत में कुलदीप शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कर्मचारियों को उनका पूरा मानदेय व नियमानुसार कार्य व्यवस्था नहीं मिली, तो भारतीय मजदूर संघ आंदोलन को उग्र करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने को तैयार हैं।
इस मौके पर राजेन्द्र कुमार, विनोद कुमार, राहुल, विशाल, महेन्द्र, सद्दाम, मांगीलाल, नंदलाल, जगजीत सिंह,अनिल, सुनील, अमनदीप सिंह, सौरभ शर्मा, सुभाष प्रेमपुरा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
