
हनुमानगढ़ । भादरा क्षेत्र में पिता-पुत्र आत्महत्या मामले में रविवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गौरतलब है कि शनिवार को मलसीसर निवासी धर्मपाल मेघवाल (28) ने अपने पांच साल के बेटे के साथ भादरा स्थित राजकीय कॉलेज के पीछे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
इस मामले में मृतक धर्मपाल के भाई भगत सिंह ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में धर्मपाल की पत्नी कविता और हरियाणा के कैथल जिले के किठान निवासी कपिल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि दोनों द्वारा लगातार प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे परेशान होकर धर्मपाल ने यह कदम उठाया।
रिपोर्ट के अनुसार, धर्मपाल का विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व कविता से हुआ था और उनका एक पुत्र था। पिछले करीब एक साल से कविता का कपिल से संपर्क हो गया था, जिसके कारण पारिवारिक विवाद बढ़ गए थे। आरोप है कि इस वजह से आए दिन झगड़े और मारपीट होती थी
लगभग पांच माह पहले कविता बच्चे को अपने साथ ले गई थी, जिसे बाद में पंचायत के माध्यम से वापस लाया गया। इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और धर्मपाल को लगातार धमकियां मिलती रहीं।
परिजनों के मुताबिक, धर्मपाल मानसिक तनाव में रहने लगा था। शनिवार सुबह वह अपने बेटे के साथ भादरा जाने की बात कहकर घर से निकला था और शाम को दोनों की आत्महत्या की सूचना मिली।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को देर रात हिरासत में ले लिया। हालांकि, मामले की जांच कर रहे सीओ संजीव कटेवा ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है।
