
हनुमानगढ़, जिले में किसानों के लिए राहत भरी खबर है कि गेहूं की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जंक्शन स्थित धान मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से हाल ही में हुई बारिश के कारण मंडी में लाई जा रही फसल के खराब होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की उपज को भीगने से बचाने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, जिसमें तिरपाल और उचित भंडारण व्यवस्था शामिल हो।
जिला कलेक्टर ने बताया कि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर गेहूं की फसल गीली हो गई है, जिससे किसानों को परेशानी हो सकती है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार को पत्र लिखकर गीली फसल के लिए गुणवत्ता मानकों में छूट (रिलेक्सेशन) देने का आग्रह किया गया है। साथ ही फसल के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं और उम्मीद जताई गई है कि जल्द ही किसानों को राहत मिल जाएगी।
एमएसपी पर गेहूं खरीद की शुरुआत जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, सचिव विष्णुदत्त शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मपाल जिंदल ‘डिम्पल’, व्यापार संघ अध्यक्ष पदमचंद जैन, फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ‘नीटा’ एवं व्यापारी नेता प्यारेलाल बंसल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया और किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी उपज का समय पर और उचित मूल्य पर क्रय किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि मंडी में किसानों के लिए पंजीकरण, तौल, भुगतान और भंडारण की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार मंडी में लेकर आएं, जिससे खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
