
हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लीलांवाली में प्रवेशोत्सव अभियान के तहत नव प्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर लगभग 35 बच्चों का विद्यालय परिसर में तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रशासन द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया, जिससे बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्रीमती नेहा पारीक, उपप्रधानाचार्य श्रीमती हेमंत रानी एवं समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नव विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें विद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्सुकता साफ झलक रही थी।
प्रवेशोत्सव प्रभारी सुश्री बलजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में राजकीय विद्यालयों की ओर बच्चों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं और सुविधाओं के कारण अभिभावक अब अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाने के लिए अधिक प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशित विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति और अधिक उत्साह उत्पन्न हुआ। साथ ही अभिभावकों को भी राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे निःशुल्क शिक्षा, छात्रवृत्ति, मिड-डे मील, एवं अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
