
हनुमानगढ़। टाउन में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वाधान में अष्टम पोषण पखवाड़ा के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह पखवाड़ा 09 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम की थीम “जीवन के प्रथम 06 वर्षों में अधिकतम मस्तिष्क विकास” रखी गई है, जिसके माध्यम से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है।
रैली का आयोजन पंचायत समिति परिसर, हनुमानगढ़ टाउन से प्रारंभ होकर सेंट्रल पार्क तक किया गया। इस दौरान विभागीय कार्मिकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती ज्योति रेपस्वाल ने उपस्थित जनसमुदाय एवं मानदेय कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के शुरुआती छह वर्ष उनके मस्तिष्क विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने माताओं को संतुलित आहार लेने, पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने एवं जंक फूड से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सही पोषण से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी हनुमानगढ़ श्रीमती सुनीता शर्मा ने भी अपने संबोधन में कहा कि अष्टम पोषण पखवाड़ा के तहत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए नारा लेखन, स्वास्थ्य संदेश, होम विजिट एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने फील्ड कर्मियों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर माताओं और परिवारों को पोषण संबंधी जानकारी दें, ताकि समाज में जागरूकता का स्तर बढ़ सके।
रैली के सफल आयोजन में महिला पर्यवेक्षकों श्रीमती कमलजीत कौर, रजनी एवं टीना डोडा का विशेष योगदान रहा। उनके प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों ने पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समन्वय बाल विकास परियोजना अधिकारी (ग्रामीण) सुस्थिता शर्मा द्वारा किया गया।
