
हनुमानगढ़। टिब्बी रोड स्थित श्री श्याम मंदिर, गुरुसर धाम में आयोजित होने वाले 34वें श्री श्याम वार्षिकोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में बुधवार को “हारे का सहारा, जय श्री श्याम हमारा” के जयकारों के साथ प्रचार रथ को विधिवत रवाना किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में भक्ति का वातावरण छा गया।
प्रचाररथ को मुख्य यजमान दिनेश बंसल और प्रयाग जिंदल ने पुजारी इंद्राज सेवदा एवं रामावतार सेवदा के सानिध्य में विधिवत पूजा अर्चना कर रवाना किया। इस मौके पर नवयुवक श्रृंगार मंडल के प्रधान संजय अग्रवाल के नेतृत्व में कमल बंसल, अमित बंसल, अंकुर अरोड़ा, मोनू बंसल, मोहित मिमानी, दीपक मीणा, करण बंसल, सौरव गोयल, शानू गोयल एवं श्याम मित्रुका सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
संस्थापक ब्रह्मलीन श्री हरीराम जी सेवदा की प्रेरणा से आयोजित इस वार्षिकोत्सव के तहत 15 अप्रैल 2026, बुधवार को विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा सुबह 9रू15 बजे दुर्गा मंदिर धर्मशाला (जंक्शन) से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए अग्रवाल धर्मशाला पहुंचेगी। वहां विश्राम के पश्चात पुनः मुख्य मार्ग से होते हुए शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर, गुरुसर धाम पहुंचेगी।
इसके अलावा 17 अप्रैल 2026, शुक्रवार को सांय 8 बजे से विशाल जागरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर होंगे और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शोभायात्रा, जागरण एवं भंडारे में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही निशान उठाने के इच्छुक श्रद्धालुओं से संपर्क करने के लिए पुजारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।
