
हनुमानगढ़। पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके सामाजिक दर्शन, समानता और न्याय के सिद्धांतों को समर्पित एक संगोष्ठी (सेमिनार) का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर के विचारों, उनके संघर्षपूर्ण जीवन और समाज सुधार के प्रति उनके योगदान से अवगत कराना था। इस अवसर पर कॉलेज के अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें यासमीन फातिमा, जतिन सहित अन्य छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ चंद्रा गुरनानी ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय समाज में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के सबसे बड़े समर्थक थे। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए और डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों पर चर्चा की। कार्यक्रम में सामाजिक समानता, शिक्षा का महत्व और अधिकारों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर विशेष रूप से जोर दिया गया।
अंत में कार्यक्रम का समापन अल्का शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों और आयोजकों के योगदान की सराहना की गई। यह संगोष्ठी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई। इस अवसर पर पंकज वर्मा, महेंद्र कुमार, गौरीशंकर, मुकेश यादव, व मुकेश कुमार आदि संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
