
हनुमानगढ़। भगवान श्री परशुराम के प्राकट्य दिवस को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर परशुराम चौक में सामूहिक विशाल पूजा-अर्चना तथा सांयकाल भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 12 अप्रैल 2026 को सर्व ब्राह्मण महासभा हनुमानगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर नंबर 06 स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित की गई।
बैठक में समाज के वरिष्ठ, प्रबुद्ध एवं गणमान्य विप्रजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री परशुराम की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं जयकारों के साथ की गई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव और विचार साझा किए। विस्तृत चर्चा के बाद महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गाप्रसाद शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल को प्रातः 7:15 बजे परशुराम चौक पर सर्व ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में विशाल पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूरे ब्राह्मण समाज की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
आशीष पारीक ने बताया कि पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान परशुराम की भव्य रथ यात्रा समस्त ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में आयोजित की जाएगी।। समाज के लोगों से अपील की गई कि वे इस अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एकता का संदेश दें।
बैठक में परशुराम चौक के सौंदर्यकरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कमेटी के सदस्य शांति प्रकाश बिस्सा, गोपाल शर्मा शेरु और नरेश पुरोहित ने जानकारी दी कि चौक की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं लाइट डेकोरेशन का कार्य करवाकर इसे आकर्षक रूप दिया जाएगा। साथ ही गोपाल शर्मा शेरु द्वारा सांयकाल में परशुराम चौक पर भव्य आतिशबाजी की घोषणा भी की गई, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी।
सर्व ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा एवं आशीष पारीक ने सभी समाजजनों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों में सांयकाल के समय 11-11 दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान परशुराम के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करें और इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने सभी कार्यक्रमों की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में एडवोकेट रामानंद बोहरा, इंजीनियर चिरंजीलाल शर्मा, भीमसेन पारीक, सतीश कुमार शर्मा, अशोक व्यास, पुरुषोत्तम कौशिक, रमेशकुमार कौशिक, मनोज कुमार शर्मा, साहबराम शर्मा, लोकराज शर्मा, इंदु तिवारी, प्रवीन तिवारी, मूलचंद शर्मा, विजय कुमार शर्मा, सुधीर दाधीच, मुकेश महर्षि, राजकुमार महर्षि, महेंद्र तिवाड़ी, लोकेश शर्मा, गोपाल शर्मा शेरु, शांति प्रकाश बिस्सा, नरेश पुरोहित, अजय शर्मा, एडवोकेट हेमन्त शर्मा, नरेशकुमार शर्मा, चन्द्रभान तिवारी, सतपाल मान शर्मा, कालूराम, एडवोकेट हिमांशु शर्मा, सतीश कुमार, सुनील, बंशीलाल सारस्वत, प्रवीण शर्मा, रजत शर्मा, इंजीनियर देवेन्द्र शर्मा, एकलव्य तिवाड़ी, नरेंद्र शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, गोपाल शर्मा टाउन, हेमन्त शर्मा, हेमांग शर्मा, युवान शर्मा, महेंद्र शर्मा, शैलेन्द्र जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
