
हनुमानगढ़। संत कंवर राम जयंती की पूर्व संध्या पर दिनांक 12 अप्रैल 2026 को पूज्य सिंधी पंचायत, सुरेशिया के तत्वावधान में एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर संत कंवर राम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पंचायत अध्यक्ष धर्मदास सावलानी ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ सायं 4:15 बजे भजन-कीर्तन के साथ हुआ। इस दौरान संत कंवर राम जी के जीवन, उनके आदर्शों एवं समाज के प्रति उनके योगदान को भावपूर्ण ढंग से याद किया गया। भजनों और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में डूबे नजर आए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में संत कंवर राम जी के मानवता, प्रेम, सेवा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों से होती हुई बाजार क्षेत्र तक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह समाज के लोगों द्वारा अल्पाहार एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली। शोभायात्रा के समापन पर इष्टदेव श्री झूलेलाल साहिब की पवित्र ज्योति का जल प्रवाह किया गया, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
रात्रि के समय सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था श्री मूलचंद जेसरानी द्वारा अपने निवास स्थान पर की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सिंधी समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें संरक्षक मोहन लाल बोधीजानी, अध्यक्ष धर्मदास सांवलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जनकराज नानकानी, उपाध्यक्ष अशोक केवलानी, कोषाध्यक्ष वासुदेव गिदवानी, सचिव चन्द्रप्रकाश कारयानी, सह सचिव राजकुमार कारयानी तथा मीडिया प्रभारी जेठानन्द कारयानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान “संत कंवर राम साहिब ज्ञान प्रतियोगिता क्विज” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रियंका भोजवानी ने प्रथम, सुहाना गिदवानी ने द्वितीय तथा काव्य केवलानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में शीर्ष 21 स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष धर्मदास सांवलानी ने अपने संबोधन में कहा कि संत कंवर राम जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सिंधी समाज के पदाधिकारियों, महिला मंडल एवं समाज के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
