
हनुमानगढ़ । संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी में आयोजित “विद्या रत्न अवॉर्ड समारोह” प्रतिभा और परिश्रम के सम्मान का भव्य उदाहरण बना। कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस समारोह ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान टॉपर्स को चेक के साथ ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹21,000 के चेक प्रदान किए गए, वहीं 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹16,000 की स्कॉलरशिप चेक देकर प्रोत्साहित किया गया।
90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रमुख विद्यार्थियों में तनिषा (96.8%), इंदु शर्मा (95.4%), मनजोत कौर (93.0%), एकता (91.4%), खुशप्रीत कौर (90.8%) एवं जस्मीत कौर (90.8%) शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य लाल बहादुर सुब्बा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं स्टाफ ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मान, उत्साह और प्रेरणा का वातावरण बना रहा, जिसने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
