
हनुमानगढ़। शहर के वार्ड नंबर 52 सुरेशिया के निवासियों ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को लेकर गंभीर समस्याएं उठाते हुए सहायक अभियंता, जोधपुर विद्युत वितरण निगम को ज्ञापन सौंपा है। वार्डवासियों ने वर्तमान में लगे ट्रांसफॉर्मर की कम क्षमता और जर्जर हालत के कारण हो रही परेशानियों से अवगत करवाते हुए त्वरित समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने बताया गया कि वार्ड में वर्तमान में 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है, जो काफी पुराना और क्षतिग्रस्त हो चुका है। क्षेत्र में बढ़ते विद्युत कनेक्शनों के कारण इस ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड पड़ रहा है, जिससे कम वोल्टेज की समस्या लगातार बनी रहती है। इसके चलते घरों में बिजली के उपकरण सही तरीके से कार्य नहीं कर पाते और आमजन को दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासी बंशी खन्ना ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर पर अधिक भार होने के कारण बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या सामने आ रही है, जिससे कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है। संबंधित ट्रांसफॉर्मर राम धुड़िया की दुकान के पास स्थापित है, जहां आए दिन तकनीकी खराबी की स्थिति बनी रहती है।
इसके अलावा, वार्ड में दो विद्युत पोल भी टूटे हुए हैं, जो लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये पोल कभी भी गिर सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद अभी तक इन पोलों को बदलने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
वार्डवासियों ने मांग की है कि मौजूदा 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर 160 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए, ताकि बढ़ते लोड के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके। साथ ही टूटे हुए विद्युत पोलों को भी अतिशीघ्र बदलने की मांग की गई है।
इस मौके पर बाबूलाल, मुंशी राम, बब्बू राम, त्रिलोक, सुरेश कुमार, प्रताप सिंह ,राजवीर ढिल्लों ,खुशी अमलानी, सनी पंडित, सतीश कुमार, रमेश कुमार ,रिंकू ,बंशी, जरनैल, रामचंद्र चौधरी सहित अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
