
श्रीगंगानगर । प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए श्री गंगानगर जिला कलेक्टर ने स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
आदेश के अनुसार, कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था 25 अप्रैल 2026 से शैक्षणिक सत्र के अंत तक लागू रहेगी।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ का समय पहले की तरह ही रहेगा। जिला कलेक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों में इन आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय इन निर्देशों की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
