
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के वार्ड संख्या 56 स्थित सामुदायिक केंद्र में बुधवार को महिला जागरूकता विकास अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ठंडी छांव समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीडीपीओ सुनीता शर्मा, पार्षद हिमांशु महर्षि एवं समाजसेवी विकास शर्मा उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वार्ड की महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से बचाव के लिए प्रेरित करना है।
सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूक समाज ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों के खान-पान और शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और शिक्षित बन सके।
मुख्य अतिथि विकास शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। वहीं पार्षद हिमांशु महर्षि ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और कुपोषण जैसी समस्याओं पर अंकुश लगेगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को हरी सब्जियां और फल वितरित किए गए तथा उन्हें संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
इस अवसर पर गुरदीप सिंह, सूरज बावरी, विक्की सोनी, राजकुमार बावरी, सुपरवाईजर टीना, सहायक अनिता, नीतू, आगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
