
हनुमानगढ़। शहर के बरकत कॉलोनी क्षेत्र की एक वृद्ध महिला ने अपने ही पुत्र और पुत्रवधू पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थीया निरशी देवी पत्नी घनश्याम दास ने लिखित शिकायत में बताया कि उसके पुत्र मनोज दास और पुत्रवधू विवखा देवी द्वारा उसके साथ लगातार मारपीट की जा रही है और उसे घर से निकाल दिया गया है।
शिकायत के अनुसार, प्रार्थीया वृद्धावस्था में है और उसके पास रहने के लिए कोई अन्य ठिकाना नहीं है। उसने आरोप लगाया कि मुल्जिमान पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुके हैं तथा उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। प्रार्थीया ने बताया कि दिनांक 11 मार्च 2026 और 21 मार्च 2026 को भी उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रार्थीया ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पुत्रवधू विवखा देवी कुछ अन्य महिलाओं को साथ लेकर आई और उसके साथ मारपीट कर उसे घर खाली करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसका घरेलू सामान भी घर से बाहर फेंक दिया गया। वृद्ध महिला का कहना है कि जिस मकान में वह रह रही है, वह उसका स्वयं का है, लेकिन उसके पुत्र और पुत्रवधू उस पर कब्जा करना चाहते हैं और उसे बेघर करने की कोशिश कर रहे हैं।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उसे न्याय मिल सके।
